कार्यकर्ताओं को ईमानदारी से काम करने की नसीहत दे गए प्रदेश महामंत्री
भाजपा जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न
चित्रकूट - भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, गली-गली घूम लोगों को केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनविरोधी योजनाओं से परिचित कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार पैसा शक्कर गेहूं जैसी प्रमुख वस्तुओं के आयात व निर्यात में कांग्रेसियों द्वारा फर्जीवाड़ा करते हुए अपनी जेबें भरी जा रही हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री स्वतन्त्र देव खरे मंगलवार को मुख्यालय के नई बाजार स्थित पार्टी आफिस में आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आए थे। बैठक जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसका संचालन चन्द्र प्रकाश खरे द्वारा किया गया।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए प्रदेश महामंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जन को अंधेरे में रख भ्रष्टाचार में जुटी हुई है। जबकि प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ईमानदारी के साथ पार्टी के उद्देश्यों को पूरा करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि योजना बना कर बूथवार पार्टी के मुद्दों से गांव के अन्तिम व्यक्ति को परिचित कराएं। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश के लोग मीडिया को माध्यम बना सस्ती लोकप्रियताहासिल करने मे जुटे हुए हैं। जल्द ही इनके कारनामें उजागर होंगे और असलियत सामने आ जाएगी। इस दौरान उन्होंने नाना जी देशमुख के कृतित्व व व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि जिस पार्टी का संस्थापक नाना जी जैसा त्यागी व तपस्वी पुरुष रहा हो उसके नेता कैसे लोगों का अहित सोच सकते हैं।
जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी ने कहा कि जहां एक ओर देश व प्रदेश की जनता महंगाई की मार से कराह रही है वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष के लोग मौज उड़ाने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का पलायन रोकने के लिए चलाई जा रही मनरेगा योजना मजाक बन कर रह गई है। इस योजना के तहत पहले तो जल्दी किसी को काम नहीं मिलता यदि काम मिल जाता है तो मजदूरी नहीं मिलती। मजदूरों से मजदूरी के नाम पर सम्बंधित लोग कमीशन मांगते हैं और उस पर भी आधी अधूरी मजदूरी दी जाती है। जबकि इन सब की जानकारी सत्ता पक्ष को रहती है तब भी कोई कार्रवाई नहीं होती। जिलाध्यक्ष श्री चतुर्वेदी ने कहा कि बैंकों में बिना दलालों के कोई काम नहीं होता। सूखा राहत योजना के तहत चेक पाने वाले किसान सम्बंधित बैंकों का चक्कर लगा लगा कर परेशान हो गए हैं लेकिन उनकों भी अकारण ही दौड़ाया जाता है। जिससे गरीब किसानों को चेक से मिलने वाली रकम से दूना धन बैंक तक आने जाने में ही खर्च हो जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी वैमनस्यता भूल कर एकजुट होना होगा तभी पार्टी के उद्देश्यों को पूरा किया जा सकेगा। इस मौके पर विभाग संगठन मंत्री कौशल, दिनेश तिवारी, आनन्द सिंह, हेमन्त सिंह, रघुनाथ जायसवाल, राम औतार तिवारी, जय श्री जोग, रंजना उपाध्याय, राघवेन्द्र, रवि त्रिपाठी, भोलानाथ गुप्ता, पंकज अग्रवाल, रोहित त्रिपाठी, विवेक मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, तीरथ प्रसाद तिवारी, भागवत, ब्रजेश, अशोक जाटव, मनीष श्रीवास्तव, लाल बहादुर, हरबक्श सिंह, काशी प्रसाद द्विवेदी, विष्णु तिवारी, विजय चन्द्र गुप्ता आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्री गोपाल
09839075109















Powered By