Posted on 09 May 2010 by admin
लखनऊ - जनपद हमीरपुर के मोदहा नगर पालिका के चेयरमैन श्री खलील अहमद उर्फ बुद्धू पहलवान की कल पुलिस अभिरक्षा (कस्टडी) में हुई मौत की जांच के लिए उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष डॉ0 रीता बहुगुणा जोशी ने प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष-पूर्व मन्त्री श्री रणजीत सिंह जूदेव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।
उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच दल में श्री जूदेव के अलावा पूर्व मन्त्री श्री सिद्धगोपाल साहू, श्री मोहम्मद इदरीश एवं चित्रकूट के मण्डलीय प्रवक्ता श्री प्रद्युम्न दूबे उर्फ लालू दुबे शामिल हैं।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि जांच दल आज मोदहा(हमीरपुर) पहुंचकर उपरोक्त घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जोशी को सौंपेगा।
सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com
Posted on 15 March 2010 by admin
हमीरपुर - कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढ़ीकरण योजना के तहत विकासखण्ड मुस्करा के निवादा गांव में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी कार्यकृम के अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तकनीकी सहायक रमेशचन्द्र शुक्ला ने मिशन के अन्तर्गत मिलने वाले अनुदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कृषक गोष्ठी के अवसर पर बोलते हुये शुक्ला ने किसानों को कृषि यन्त्रों में मिलने वाली छूट का लाभ उठाने का आह्वान भी किया। किसानों को मिट्टी की जांच अवश्य कराने की सलाह दी। शुक्ला ने कहा कि इससे मिट्टी की दशा पता चल जाती है और फिर उसी के अनुसार विभिन्न खादों तथा पोषक तत्वों का प्रयोग करना चाहिए। अरहर की फसल को कीट एवं रोगों से रोकने के लिए दवाइयों का प्रयोग करने की सलाह दी। किसानों को जायद मेंउर्द, मूंग की बुवाई बीज शोधन के बाद ही बोने की सलाह दी। बीज को कैप्टान या थीरम से उपचारित करें।
इस मौके पर अन्य वक्ताओं ने किसानों को गर्मी की जुताई अवश्य करने व नाडेप वर्मी के बारे में विस्तार से बताया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तकनीकी सहायक विनोद कुमार सचान ने योजना के अन्तर्गत मिल रहे अनुदान, कृषि यन्त्र एवं फार्मर्स फील्ड स्कूल के विषय में जानकारी दी।
Posted on 10 March 2010 by admin
मौदहा (हमीरपुर) - प्रदेश सरकार के श्रममन्त्री बादशाह सिंह ने विकास कार्यो की समीक्षा ली। बैठक में जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलास्तरीय विकास कार्यो की समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने अपने विभागों की प्रगति आ2या प्रस्तुत की। मन्त्री ने कुछ जल निगम के अधिशाषी अभियन्ता से पेयजल योजनाओं की जानकारी चाही तभी वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों ने किसी भी योजना के सही तरीके से न चलने की शिकायतें करना शुरु कर दिया। इस मामले में श्रममन्त्री ने पूछा कि दस साल पूर्व पानी देने के लिए भवई में नलकूप स्थापित किए गए। लेकिन आज तक इस योजना से सम्बंधित गांव में पानी नहीं पहुंचा है। सवाल किया कि अभी तक करहिया, इचौली पेयजल योजनाओं को कब चालू करेंगे। श्रममन्त्री ने कहा कि मौदहा कसबे के लोग भी पेयजल से परेशान है।
मन्त्री ने निर्देशित किया कि गर्मी आने से पहले बन्द पड़ी योजनाओं को संचालित करें। लो.नि.वि. समाज कल्याण अधिकारी व बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया कि वह अपनी ज़िम्मेदारियों का निर्वाह गम्भीरता पूर्वक निष्ठा से करें। वहीं वन विभाग को वन चेतना केन्द्र स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। किसानों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी उप कृषि निदेशक उमेश कटियार से ली। पावर कारपोरेशन के अधिशाषी अभियन्ता ओपी यादव से कहा कि निजी नलकूपों के मामले में वह लखनऊ आएं। कोटा बढ़वाए जाने का काम करेंगे। इस मौके पर कई विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। इसमें पीसीएफ के नए गोदाम की जानकारी दी गई। मन्त्री ने कहा कि इस बार मु2यमन्त्री ने बुन्देलखण्ड को 1200 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। कहा कि कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। समीक्षा बैठक में कांशीराम आवासीय योजना में धांधली की शिकायतें दी गई। अधिकारियों से कहा कि निष्पक्षता से काम करें।
इस मौके पर जिलाधिकारी जी श्रीनिवास, सीडीओ महेश चन्द्र यादव सहित जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Posted on 06 March 2010 by admin
हमीरपुर - महिला पुरुषों से कहीं भी पीछे नहीं हैं, इस बात को साबित कर दिया राठ तहसील के अतरौलिया गांव की प्रधान पुष्पा देवी ने। जिन्हें राष्ट्रपति ने बीते साल पुरस्कार दिया था।
महिला प्रधान होने पर भी जिम्मेदारी का निर्वहन करने में पुष्पा कहीं पीछे नहीं रहीं। उन्होंने गांव की स्वच्छता पर पूरा ध्यान दिया और निर्मल ग्राम घोषित होने पर राष्ट्रपति ने उन्हें सम्मानित किया। गांव की पक्की चमचमाती सड़कें, हर गरीब असहाय के लिए 150 शौचालयों का निर्माण, पीने के पानी के लिए हैंडपंप लगवाये। गांव की स्वच्छता पर इन्होंने पूरा ध्यान दिया। प्राथमिक विद्यालय अतरौलिया, प्राथमिक विद्यालय अतरौलिया टीला, जूनियर हाईस्कूल अतरौलिया टीला समेत चार विद्यालयों में शौचालय, फोर स्लप हैंड लगवाया। इन विद्यालयों में किचन शेड बनवाया। गांव को साफ सुथरा रखने के लिए उन्होंने तीन बड़े-बड़े कूड़ादान और पूरे गांव को पक्की नालियों से आच्छादित कर लिया। जिससे गंदा पानी का भराव न हो। पीने के पानी के योग्य चार उन कुओं की मरम्मत करायी, जो ध्वस्त थे। औड़ेरा गांव को जाने वाली दो किमी लंबी सड़क का निर्माण कराया। 54 हैंडपंप गांव में लगवाये। बिजली का प्रबंध कराया। 150 शौचालय का निर्माण कराया। इस गांव की स्वच्छता पर निर्मल ग्राम घोषित किया गया। राष्ट्रपति ने इन्हें सम्मानित किया। घर में घूंघट में रहने वाली कम पढ़ी-लिखी महिला ने पहले तो बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दिया, फिर गांव में शिक्षित करने के लिए खाली समय में घर-घर जाकर महिलाओं को शिक्षा के फायदे बताये। यही कारण है कि इस गांव का महिला साक्षरता प्रतिशत राठ तहसील में सबसे अधिक है। गांव की समस्याओं को गांव में ही निपटाने में प्रधान के पति बृजपाल सहयोग करते हैं। इसीलिए इस गांव के मामले थाना, अदालत तक नहीं जा पाते। मिडिल पास महिला प्रधान ने जहां परिवार नियोजन को अपनाया। उनके एक लड़का व एक लड़की है। दोनों ग्रेजुएट हैं। प्रधान के पति इंटर कालेज में प्रवक्ता हैं। जिन्होंने पत्नी को आगे बढ़ाने में सहयोग किया। आज प्रधान पुष्पा खुद ही प्रधानी के कामकाज निपटाती हैं।
Posted on 26 January 2010 by admin
भारतीय जनता पार्टी के पर्यवेक्षक (बुंदेलखंड) सोमनाथ शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए बताया कि महंगाई के विरोध में 31 जनवरी को जिला मुख्यालय में मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन करेगी। 7 से 15 फरवरी तक प्रत्येक विधानसभा में जनसंघर्ष यात्रा निकालेगी। 25 फरवरी को लखनऊ में प्रदर्शन होगा।
शुक्ला ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि 31 जनवरी तक ग्राम सभा और वार्ड इकाई का चुनाव हो जाना है। 7 फरवरी तक मंडल, ब्लाक के अध्यक्ष का चुनाव हो जाना है। इसके लिए चुनाव अधिकारी बना दिये गये हैं। कुरारा के कैलाश गुप्ता, कुरारा नगर में बाबूराम प्रकाश त्रिपाठी, सिसोलर में पदम सिंह, खंडेह में गणेश यादव, राठ नगर में रूद्र प्रताप सिंह, राठ ग्रामीण में दधीचि, मुस्करा में मनोज गुप्ता, सरीला नगर में राजेंद्र दुबे, सरीला ग्रामीण में अब्दुल हमीद, गोहांड में मुनीम अग्रवाल, गोहांड देहात में अमर सिंह, इंगोहटा में अरविंद, टेढ़ा में बृजकिशोर गुप्ता, हमीरपुर में जगदीश व्यास को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
Posted on 22 January 2010 by admin
हमीरपुर -दिल्ली में आयोजित 30वें राष्ट्रीय सेमिनार में शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए मौदहा के अनुभव द्विवेदी को भारत शिक्षा रत्न एवार्ड से सम्मानित किया गया है। खजुराहो इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री द्विवेदी को पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त जीवीजी कृष्णामूर्ति ने पिछले दिनों यह एवार्ड दिया। इंस्टीट्यूट के ग्रुप प्रेंसीडेंट विवेक द्विवेदी ने जानकारी दी कि समारोह में कई प्रांतों से आये 60 विभिन्न विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में श्री द्विवेदी एक मात्र प्रतिभागी थे। अनुभव द्विवेदी ने बहुत कम समय में शिमला, गोवा, गाजियाबाद, कानपुर, खजुराहो, आगरा शहरों के होटल इंडस्ट्री व टूरिज्म के शिक्षण संस्थानों में रहकर कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इसी विषय पर लिखी किताब पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त को भेंट की। समारोह का आयोजन द इकनॉमिक फार हेल्थ एंड एजूकेशनल ग्रोथ ने किया था। कार्यक्रम में भारत में कजाकिस्तान के राजदूत सईद बेग, एआईसीसी के सचिव अनीस दुर्रानी, वेद प्रकाश, पीसी नैनवाल, मौजूद थे। लखनऊ आने पर राज्य के श्रम मंत्री बादशाह सिंह, महापौर डा. दिनेश शर्मा, ताज होटल ग्रुप के वायस चेयरमैन जयदीन बंधु, दुबई के रागी होटल के जी.एम, मितेंद्र शर्मा ने द्विवेदी को शुभकामनायें दी।
Posted on 31 December 2009 by admin
शासन ने असहायों व गरीबों को ठंड से बचाने के लिए चार हजार कंबल की खेप भेजी है। हो रही बारिश के कारण तापमान में आयी गिरावट को 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंडी के कारण जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
मौदहा, राठ और सरीला को 900 कंबल प्रति तहसील भेजे जा चुके हैं। जबकि हमीरपुर में 1300 कंबल असहायों में वितरित करने के लिए रखे गये हैं। असहायों व निर्बलों के चिह्नीकरण का काम चल रहा है। भरुआ सुमेरपुर में बढ़ते हुए तापमान से भयभीत किसानों के लिए पानी की बूंदों के साथ कड़ाके की सर्दी राहत लेकर आयी है। आज सुबह से ही पानी बरसने के साथ ठंडी हवायें चलने लगी। जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। बुधवार को तापमान में तेजी से गिरावट आ गयी। किसान चाहते हैं कि सर्दी का दौर लंबा खिंचे, जिससे फसल में और ताकत आ जाये।
Posted on 20 December 2009 by admin
सुमेरपुर विकास खंड के बांक में दो दिवसीय पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट प्रशिक्षण 40 महिलाओं को दिया गया। वैज्ञानिक डा. ओ एन त्रिवेदी ने फसल कटाई के बाद ग्रेडिंग, पैकिंग, भंडारण और विपणन के बारे में जानकारी दी।
वैज्ञानिक मोहम्मद हबीब खान ने प्रशिक्षणार्थियों को समूह बनाकर स्थानीय स्तर पर उत्पादित फल, सब्जी का प्रसंस्करण कर अच्छी आमदनी के लिए प्रेरित किया। डा. जी के द्विवेदी ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रसंस्करण की नयी तकनीक, विपणन के बारे में विस्तार से बताया। मनु फल संरक्षण संस्थान सुमेरपुर के प्रबंधक भारती अवस्थी ने फल उत्पाद जैसे अचार, चटनी, सॉस बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया। नोडल खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी डी के मिश्रा ने सब्जियों, टमाटर से बनने वाले उत्पाद, चटनी, सॉस, प्यूरी का प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दिया। आंवला से निर्मित उत्पाद आंवला मुरब्बा, अचार, कैंडी के बारे में जानकारी दी।
Posted on 06 December 2009 by admin
जिलाधिकारी श्रीनिवासु ने कहा कि शासन की नई नीति के तहत अंबेडकर गांव तभी संतृप्त माने जायेंगे, जब तक अनुसूचित जाति की बस्तियों में बिजली, संपर्क मार्ग, इंदिरा आवास, स्वच्छ शौचालय का शत प्रतिशत निर्माण न हो जाये। जो सीसी मार्ग बनेगा, उसकी चौड़ाई ढाई मीटर से कहीं कम न हो। अब 70 व्यक्तियों पर एक हैंडपंप लगेगा और एक हैंडपंप से दूसरे हैंडपंप की दूसरी 75 मीटर होगी। वे रानी लक्ष्मी बाई सभागार में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गांवों में केजीड्रेन व खड़ंजे का निर्माण नरेगा में कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि मंगरौठ मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। उसे ठीक कराने के लिए अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी को निर्देश दिये हैं। डीएम ने कहा कि जिन अधिकारियों को अंबेडकर गांव का नोडल अधिकारी बनाया गया है, वह गांव के प्रत्येक कार्य को देखेगा। जो समस्या होगी, उसके बारे में सीडीओ को बतायेगा। जिला पंचायत के सहायक अभियंता नीरज रस्तोगी ने अभी तक एक भी गांव का निरीक्षण नहीं किया। इसलिए उनका जवाब तलब किया गया है। जिला विकास कार्यालय को मौदहा बांध द्वारा नरेगा में प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। इस प्रस्ताव के कुछ प्रपत्र विनोद गुप्ता ने गायब कर दिये हैं। इसलिए मौदहा बांध की कार्य योजना स्वीकृत नहीं हो सकी। बैठक में मौदहा बांध से दोबारा प्रपत्र बनवाने को कहा गया है। जिले में 3565 विद्यालयों में 1417 का निरीक्षण किया गया। 103 शिक्षक गैरहाजिर पाये गये। 31 को चेतावनी दी गयी, 7 अध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गयी, 55 शिक्षकों का वेतन रोका गया और 3 शिक्षकों का निलंबन किया गया। मिडडे मील एक विद्यालय में बनता नहीं मिला, जिसके विरुद्ध कार्रवाई की गयी है। डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि सभी अंबेडकर गांवों में अनुसूचित जाति की बस्तियों में शत प्रतिशत स्वच्छ शौचालय 31 दिसंबर तक बनवा दिये जायें। तहसील दिवस की 587 शिकायतों के लंबित होने पर डीएम ने सभी अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया है कि वे समय पर निस्तारित करें, वरना उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी। इंदिरा आवास 1218 के सापेक्ष 460 बने हैं। महामाया आवास 230 के सापेक्ष 80 बने हैं। सर्वजन में 165 के सापेक्ष 14 आवासों का निर्माण कराया गया है, जो लक्ष्य के सापेक्ष काफी कम है। डीएम ने इन्हें प्राथमिकता पर पूरा कराने को कहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना में 80834 बीपीएल कार्डो के सापेक्ष 143 स्मार्ट कार्ड बने हैं। इस महीने के अंत हर हाल में बीपीएल परिवारों के स्मार्ट कार्ड बनाकर दे दिये जायें। इसमें दो सरकारी व चार निजी अस्पतालों का चयन किया गया है।
Posted on 27 November 2009 by admin
विधि की जानकारी व आपसी सुलह समझौते से वादों को निस्तारण कराने के लिए प्रत्येक माह गांव-गांव में माइको लीगल लिटरेसी कैंप, विधिक साक्षरता शिविर व दीवानी न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन होता है। जिसमें शिविर के जरिए ग्रामीणों को विधिक की जानकारियां दी जाती हैं और उन्हें आपसी सुलह समझौते के तहत छोटे-छोटे वादो को लोक अदालत के जरिये निपटाने की बात कही जाती है। जिसका लाभ ग्रामीणों को बहुत मिला है।
अप्रैल से अब तक आधा दर्जन से अधिक विधिक साक्षरता शिविर लगाये गये हैं। 19 अप्रैल को भिलावां के शिविर में 246 ग्रामीणों को, 24 मई को दीवानी न्यायालय परिसर में 139 वादकारियों को, 30 जुलाई को पाराओझी गांव के शिविर में 267 ग्रामीणों को, 31 अगस्त को अमिरता में 250 ग्रामीणों को, 18 सितंबर को दीवानी न्यायालय परिसर मौदहा में 213 वादकारियों को व 2 अक्टूबर को मौदहा ब्लाक में साक्षरता शिविर लगाया गया। जहां 225 लोगों को कानून से संबंधित विधिक जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार माइको लीगल लिटरेसी कैंप एक माह में दो बार लगाया जाता है। जिला कारागार, तीजा मेला सुमेरपुर, प्राथमिक विद्यालय कुंडौरा, हेलापुर गांव समेत कई गांवों में कैंप लगाकर 2 हजार लोगों को कानून के बारे में जानकारियां दी गयी। अप्रैल से अब तक 8 लोक अदालतें लगायी गयीं। जिसमें 3 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा 12 जून 09 से 18 जून तक विश्व बाल श्रम सप्ताह के रूप में मनाया गया। इस दौरान सुमेरपुर के मंडी समिति, हिंदुस्तान लीवर फैक्ट्री में, दीवानी न्यायालय परिसर व अन्य जगहों पर कैंप लगाकर 425 लोगों को लाभान्वित किया गया और इस दौरान 26 जुलाई को दीवानी न्यायालय परिसर में मेगा लोक अदालत का आयोजन हुआ, जिसमें उत्तराधिकार से संबंधित 6 लोगों को उत्तराधिकार के प्रमाण पत्र जारी किये गये।